गरोठ। नगर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और ष्जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच यात्रा आगे बढ़ी। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रसादी और शीतल पेय का वितरण किया गया, जबकि महिलाओं ने आरती उतारकर और रंगोली सजाकर भगवान का अभिनंदन किया।
यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल हुए और रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
रथयात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।