भोपाल। मंत्रालय सेवा के विभिन्न संवर्गों को चौथा समयमान वेतनमान देने को लेकर मंत्रालय सेवा अधिकारी-कर्मचारी संघ ने 15 दिन में दूसरी बार मुख्य सचिव और वित्त विभाग के प्रमुख सचिव को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने कहा है कि मंत्रालय के बाहर (विभागीय पदस्थापना) पदस्थ कर्मचारियों को यह लाभ दिया जा रहा है और मंत्रालय के कर्मचारियों को नहीं। यह मांग पूरी न होने पर संघ अपनी अगली रणनीति बनाएगा।
संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने बताया कि मंत्रालय के कर्मचारियों को अब तक चौथे समयमान वेतनमान का लाभ नहीं दिया गया है। जबकि कर्मचारी कई बार मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब संघ यह मांग पूरी कराएगा और हम अधिकारियों को भूलने नहीं देंगे कि मंत्रालय के कर्मचारियों को यह लाभ नहीं मिल रहा है। इसके लिए समय-समय पर ज्ञापन सौंप रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ सहायक ग्रेड-3 को डाटा एंट्री ऑपरेटर के समान ग्रेड-पे और वेतनमान देने, मूल्य सूचकांक के अनुपात में सचिवालय भत्ते का पुनरीक्षण करने, मंत्रालय स्थापना और मंत्री स्थापना में कार्यरत आकस्मिकता निधि कर्मचारियों की 2023 में हुई परीक्षा का परिणाम घोषित करने, अनुकंपा नियुक्ति से आए सहायक ग्रेड 3 को दीपांशु जोशी की भांति केवल हिन्दी मुद्रलेखन वाला सेक्शन पास करने पर नियमित करने की मांगें भी हैं।