गुना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य ने ग्वालियर, गुना, शिवपुरी और अशोकनगर के कलेक्टर के साथ बैठक की। बैठक अतिवृष्टि से बनी स्थिति और प्रशासन द्वारा किए जा रहे बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राज्य सरकार के मंत्रियों और प्रभारी मंत्रियों को 24 घंटे के अंदर करें क्षेत्र का दौरा करने के निर्देश दिए।
बता दें कि प्रदेश में अतिवृष्टि ने राज्य के कई इलाकों को बुरी तरह से प्रभावित किया है। इसमें ग्वालियर चम्बल क्षेत्र में भी भारी बारिश का प्रभाव देखा जा रहा है। गुना में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को भी जिले के कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी, नाले उफान पर हैं। जिला मुख्यालय को बमोरी, फतेहगढ़ से जोड़ने वाली सड़क पर भौंरा गांव में नदी उफान पर आ गई। इससे आवागमन बंद हो गया। बमोरी इलाके के सैकड़ों गांव, कोटा, राजस्थान का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है।
स्थिति को देखते हुए आज केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री मोहन यादव से फोन पर बात की और प्रदेश की स्थिति के बारे में जाना। इसी के साथ उन्होंने ग्वालियर चम्बल क्षेत्र में चल रहे रेस्क्यू कार्यों की भी जानकारी ली और हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ बातचीत के बाद सिंधिया ने ग्वालियर, अशोकनगर, शिवपुरी और गुना के कलेक्टर के साथ वर्चुअल बैठक की और स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने क्षेत्र में हुई हानि - व्यक्ति, पशु और फ़सल हानि की भी जानकारी ली और निर्देश दिए हर पीड़ित को राहत राशि मिलनी चाहिए। उन्होंने स्थिति बेहतर होने के बाद फसलों के सर्वे का भी निर्देश दिया। सिंधिया ने राज्य सरकार के मंत्री तुलसी सिलावट, प्रद्युमन सिंह तोमर और राकेश शुक्ल को क्षेत्र का दौरा करने का भी निर्देश दिया।