चित्तौड़गढ़। सांसद सीपी जोशी की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला परिषद सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले में संचालित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए योजनाओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलक्टर डॉ. मंजू, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव, उप वन संरक्षक राहुल झांझड़िया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अभिलेख) रामचंद्र खटीक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे तथा सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही सुनिश्चित कर ही आमजन को उनका वास्तविक लाभ उपलब्ध कराया जा सकता है।
पेयजल एवं जल जीवन मिशन की हुई समीक्षा-
बैठक में पेयजल व्यवस्था, आरओ प्लांट एवं जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने जिले के सभी आरओ प्लांटों का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए।
विद्युत एवं सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश-
आरडीएसएस योजना के तहत विद्युत अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, नए ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) के निर्माण तथा ग्राम अरनियापंथ में कृषि एवं घरेलू फीडर पृथक्करण के कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने उन्हें प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं गंगरार, रावतभाटा एवं सेमलपुरा-विजयपुर सड़क परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा वन स्वीकृति सहित अन्य प्रक्रियागत मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र पर विशेष फोकस-
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के भवनों की गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की संयुक्त जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र करवाने, टीबी मुक्त अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जन औषधि केंद्रों के विस्तार पर जोर दिया गया। साथ ही भादसोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में रिक्त विद्यालय भवनों के समुचित उपयोग, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, अतिरिक्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
नगर विकास एवं स्वच्छता कार्यों की समीक्षा-
नगर परिषद से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने सीवरेज कार्यों के साथ सड़क मरम्मत समय पर सुनिश्चित करने, शहर की स्वच्छता के लिए क्षेत्रवार प्रभारी नियुक्त कर जवाबदेही तय करने तथा कालिका माता मंदिर मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात सुधार संबंधी प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई एवं चंदेरिया स्थित खाली आवासों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
विभिन्न विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा-
बैठक में जल संसाधन, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, श्रम, पशुपालन, राजस्व, कृषि उपज मंडी, खेल, भारत संचार निगम लिमिटेड, रसद, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, नाबार्ड, लीड बैंक, मत्स्य, डीएमएफटी तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बच्चों के विकास तथा अन्य सभी जनकल्याणकारी कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण कर विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य एवं केंद्र सरकार की अधिकाधिक परियोजनाएं जिले में लाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।
बैठक में पूर्व दिशा बैठकों में दिए गए निर्देशों की अनुपालना रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। सांसद ने सभी अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर आमजन को योजनाओं का प्रभावी लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।