बड़वानी। नवागत डीआईजी निमाड़ रेंज (खरगोन) सिमाला प्रसाद ने गुरुवार को बड़वानी जिले का दौरा कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में बड़वानी पुलिस द्वारा किए गए कार्यों का प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिस पर डीआईजी ने संतोष व्यक्त करते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जन-केंद्रित बनाने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने वर्षाकाल को देखते हुए नदी-नालों एवं पुल-पुलियाओं पर जलभराव की स्थिति में चेतावनी बोर्ड लगाने, ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को जागरूक करने तथा ग्राम एवं नगर रक्षा समितियों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक थाने में त्योहारों एवं प्रमुख आयोजनों का वार्षिक कैलेंडर तैयार करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने, आदतन अपराधियों, अवैध गौवंश परिवहन, मादक पदार्थों तथा अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए डीआईजी ने स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, बीट पुलिसिंग को मजबूत करने तथा निगरानीशुदा अपराधियों के रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए डीआईजी सिमाला प्रसाद ने कहा कि ष्बेसिक पुलिसिंग पर हमारा पूरा ध्यान होना चाहिए। जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता, त्वरितता और पारदर्शिता के साथ समाधान ही हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सजगता, प्रतिबद्धता और टीमवर्क के साथ कार्य करें तथा पुलिसिंग को डिजिटल और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ें।