दतिया। विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने के बाद नाराज चल रहे अवधेश नायक को मनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। शुक्रवार सुबह कांग्रेस के पूर्व मंत्री मुकेश नायक उनके निवास पहुंचे। यहां दोनों नेताओं के बीच करीब 25 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा हुई। इस मुलाकात के बाद जिले की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बीजेपी के मंत्री और नेता भी संपर्क में
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व को आशंका है कि अवधेश नायक भाजपा में घर वापसी कर सकते हैं। इसी वजह से उन्हें पार्टी में बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा भी उन्हें अपने साथ लाने की कोशिश में जुटी है। भाजपा के मंत्री और कई वरिष्ठ नेता भी पहले उनके घर पहुंचकर बातचीत कर चुके हैं।
हालांकि, अवधेश नायक ने अब तक अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। मीडिया से चर्चा में उनका कहना है कि, हम अपने कार्यकर्ताओं से सलाह लेकर ही अंतिम निर्णय करेंगे।
दतिया उपचुनाव के बीच अवधेश नायक का अगला फैसला भाजपा और कांग्रेस, दोनों के लिए अहम माना जा रहा है। ऐसे में उनकी अगली घोषणा पर सभी की नजर बनी हुई है।