मनासा। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर गुरुवार को मनासा नगर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य एवं ऐतिहासिक रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान के जयकारों से पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।
भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा दोपहर 1:30 बजे जगदीश मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का भव्य स्वागत किया तथा आरती उतारकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे नगर में जय जगन्नाथ के जयघोष गूंजते रहे।
नगर भ्रमण के पश्चात रथयात्रा का समापन कारगिल चौराहा स्थित अन्नपूर्णा मंदिर में हुआ, जहां भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी का वितरण किया गया।
यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक माना जाता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ जी के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।