भोपाल। आयुष, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयुष विभाग द्वारा दो चरण में काउंसलिंग कराई जाएगी। पहला चरण आज से शुरू हो गया है और दूसरे चरण की काउंसलिंग 25 सितम्बर से शुरू होगी। इसके लिए आयुष विभाग द्वारा कालेज की च्वाइस फिलिंग और संशोधन की व्यवस्था के लिए आनलाइन सिस्टम रखा है जिसमें तय तिथि और तय समय तक संशोधन भी किए जा सकेंगे।
प्रदेश का आयुष महकमा बीएएमएस, बीएचएमएस एवं बीयूएमएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिये अंडर ग्रेजुएट की दो चरणों में काउंसलिंग करा रहा है। भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग व राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के निर्देश के अनुसार यह प्रक्रिया कराई जा रही है। यह प्रक्रिया भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग, राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग से प्रवेश अनुमति प्राप्त निजी आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी महाविद्यालयों की 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटे की सीटों पर एमपी ऑनलाइन से कराई जा रही है। काउंसलिंग का पहला चरण आज से ऑनलाइन पंजीयन के साथ प्रारंभ हो गया है। यह 25 सितम्बर तक चलेगा। दूसरा चरण 25 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक चलेगा।