नीमच। शहर के हेडगेवार बस स्टैंड पर गुरुवार को आरटीओ नंदलाल गामड़ बेसन का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने वाली 2 यात्री बसों को अवैध रूप से माल ढुलाई करते हुए पकड़ा। जिन्हें जब्त कर आरटीओ कार्यालय पहुंचाया।
दरअसल नीमच से लंबी दूरी और अन्य राज्यों में जाने वाली यात्री बसों में रोजाना अवैध तरीके से कृषि उपज और इलेक्ट्रॉनिक सहित विभिन्न तरह का सामान लाया ले जाया जाता है। एक तरीके से इन बसों का उपयोग माल वाहक वाहनों के रूप में किया जा रहा है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग को बसों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उसी कड़ी में गुरुवार को आरटीओ ने बस स्टैंड पहुंचकर यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अशोक ट्रेवल्स और श्री गणेश ट्रेवल्स बस में कार्टून और बोरों में माल पाया गया। जिस पर दोनों बसों को जब्त कर परिवहन कार्यालय ले जाया गया। जहां दोनों बसों पर की कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले भी आरटीओ ने औचक निरीक्षण कर दो बसों को पकड़ा था। मामले पर जिला परिवहन अधिकारी नंदलाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध माल ढुलाई करते बसों को पकड़ा है। जिन पर पांच-पांच हजार रुपए का जुर्माना किया गया है और चेतावनी दी गई है।