खरगोन। भाजपा संगठन द्वारा देश व्यापी सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। जिले में भी इस अभियान को गति देते हुए लोगों को जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार- प्रसार किया जा रहा है। इस प्रचार- प्रसार के दौरान नित नए विवाद भी सामने आ रहे है। हाल ही में भाजपा जो की राजनीतिक संगठन है, उसके सदस्य अभियान प्रचार के लिए नगरपालिका ने बतौर विनित बडे- बड़े होर्डिंग चस्पा कराए थे, जिस पर पार्षदों की आपत्ति के बाद बदलाव कर विनित नपाध्यक्ष कराया गया। इसके एक सप्ताह बाद दुसरा विवाद सामने आ गया है। गुरुवार को वार्ड 2 एमआईएम पार्षद अरुणा उपाध्याय ने सदस्यता अभियान के प्रचार प्रसार के लिए नगर परिषद के पार्षदों का फोटो चस्पा करने पर आपत्ति दर्ज कराई। श्रीमति उपाध्याय ने एएसपी से मुलाकात कर शिकायत आवेदन सौंपा है। शिकायत में बताया कि सदस्यता अभियान भाजपा का व्यक्तिगत अभियान है, इसमें मेरी बिना अनुमति के प्रचार- प्रसार में फोटो का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि हमारी पार्टी की विचारधारा और रीति- नीति अलग है। उपाध्याय ने एसपी से मामले की शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।