सिंगोली। कस्बे में नगर निकाय द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव के तहत रविवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम में शामिल हुए विभिन्न स्कूली बच्चों ने सामाजिक, धार्मिक और मौजूदा परिदृश्य को चरितार्थ करते हुए आकर्षक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे इस आशय की जानकारी देते हुए कार्यक्रम प्रभारी कपिल सिंह राजावत ने बताया कि नगर निकाय द्वारा परंपरानुसार दशहरा उत्सव मनाया जा रहा है। दशहरा उत्सव के दौरान पूरे नौ दिनों तक सामुदायिक भवन में रामलीला का मंचन किया गया। दसवें दिन मंडी परिसर में 51 फूट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। अगले कार्यक्रमों में मंडी परिसर में ही रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन हुआ। जबकि सोमवार रात कवि सम्मेलन और मंगलवार रात आर्केष्ट्र कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रविवार रात संपन्न हुए कार्यक्रम में सभी शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के बच्चे शामिल थे, जिन्होंने आकर्षक और मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़ पार्षदगण और अतिथि के रूप में फूलकंवर मलिक और राकेश जोशी मंचासीन थे।