नीमच। जिले के विद्युत विभाग में कार्यरत लगभग 250 आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन का भुगतान श्रम नियमों का उल्लंघन करते हुए लगातार विलंब से हो रहा है। जिससे आक्रोशित कर्मचारी बड़ी संख्या में आज नीमच कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां ज्ञापन देकर श्रमिक प्रदाय हेतु अनुबंधित कंपनी मैसेज ऑल सर्विस ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड को ब्लैकलिस्टेड करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि आउटसोर्स कर्मचारी को माह सितंबर 2024 का भुगतान भी कंपनी द्वारा 100 प्रतिशत ना किया जाकर अल्प वेतन ही दिया गया है। कंपनी द्वारा 2021 से लगातार श्रम नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। वेतन का भुगतान समय पर ना मिलने से आउटसोर्स कर्मचारी को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है साथ ही मनोबल भी टूट रहा है। त्योहार के समय में कर्मचारियों को वेतन का भुगतान समय पर ना मिल पाने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने यह भी कहा कि मैसर्स ऑल सर्विसेज ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की गंभीर लापरवाही और अनियमिताओं की जानकारी अधिकारियों को होने के बावजूद इस कंपनी का अनुबंध 2 साल और बढ़ा दिया गया। जो कि अनुचित प्रतीत होता है। आउटसोर्स कर्मचारी ने वेतन का भुगतान समय पर करवाने और कंपनी पर कार्यवाही किए जाने की मांग की है।