नीमच के लिए आज का दिन गौरवशाली और ऐतिहासिक है। अब नीमच की लाल माटी से डॉक्टर तैयार होंगे।आज से नीमच के मेडिकल कॉलेज में नेशनल मेडिकल काउंसिल की गाइडलाइन के हिसाब से नव प्रवेशित विद्यार्थियों के अध्ययन का काम शुरू हो चुका है। नीमच के वीरेंद्र कुमार सकलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आज प्रथम दिन स्टूडेंट की कक्षा 9 बजे से सरस्वती वंदना के साथ प्रारंभ हुई। जिसमें अभिभावक भी शामिल हुए।मेडिकल कॉलेज के टीचर डॉक्टर्स ने कोर्स, माहौल, हॉस्टल और व्यवस्थाओं के बारे में उपस्थित जनों को विस्तार से जानकारी दी। नीमच के मेडिकल कॉलेज में अभी तक 89 स्टूडेंट प्रवेश ले चुके हैं। जिसमें करीबन 60 प्रतिशत गर्ल्स स्टूडेंट है। इस खास मौके पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर अरविंद घनघोरिया ने कहा कि विद्यार्थियों में खास उत्साह है। हमारी टीम अध्यापन कार्य के लिए तैयार है।उम्मीद की जानी चाहिए कि नीमच के मेडिकल कॉलेज से देश और दुनिया के बड़े डॉक्टर तैयार होकर निकलेंगे,और नीमच का मेडिकल कॉलेज देश में एक विशिष्ट पहचान बनाएगा। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉक्टर महेंद्र पाटील, डॉ बृजेंद्र सहाय आदि मौजूद रहे।