रतलाम। जिले के ग्राम पंचायतों के सहायक सचिवों ने सोमवार को अपनी मांगों के निराकरण को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने खंडवा जिले की एक ग्राम पंचायत के सहायक सचिव द्वारा जनपद सीईओ की तानाशाही से तंग आकर आत्महत्या करने के मामले में आक्रोश जताया। मांग मनवाने सीएम व कलेक्टर के नाम ज्ञापन तहसीलदार ऋषभ ठाकुर को सौंपा।
इससे पहले सचिव और सहायक सचिव रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। ज्ञापन में मांग की खंडवा जिले के संबंधित जनपद सीईओ के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। तत्कालीन मुख्यमंत्री ने भोपाल में आयोजित सहायक सचिव महापंचायत में की गई घोषणा अनुसार सहायक सचिवों की स्थापना सेवा नियम सचिव ग्राम पंचायत के समान करने को लागू करने की मांग की।
साथ ही खंडवा ग्राम पंचायत के दिवंगत साथी के परिवार के किसी भी सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने व परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की।