टीकमगढ़। मध्यप्रदेश में बदमाशों के हौसले बुलंद है। बदमाशों में पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं है। इसी कड़ी में शराब दुकान का कैश ले जा रहे कर्मचारियों से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आधा दर्जन बदमाशों ने रास्ता रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
दरअसल घटना देहात थाना क्षेत्र के कटेरा गांव की है। शराब दुकान (कंपनी) के कर्मचारियों ने 3 लाख कैश और रायफल लूटने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर देर रात शराब कंपनी के कर्मचारियों ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों ने बताया कि वे लोग हेड ऑफिस से कैश लेकर जा रहे थे तभी रास्ता रोककर आधा दर्न बदमाशों ने मारपीट की और तीन लाख कैश और 315 बोर का रायफल लूटकर भाग गए। लुटेरे में दो लोग मनोहर लोधी और परम नामक व्यक्ति शामिल था। शिकायत के बाद मामले की जांच में देहात थाना पुलिस जुट गई है। मामले में सवाल उठ रहा है कि कैश के साथ रायफलधारी लोग थे तो लूट का विरोध क्यों नहीं किया? पीड़ितों के बयान से मामला संदिग्ध लग रहा है।