नीमच। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, शांति समिति की बैठकें आयोजित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालने के निर्देश दिए। साथ ही जुलूसों और मंदिरों में होने वाली पूजा-अर्चना के दौरान सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हनुमान जन्मोत्सव के जुलूसों, मंदिरों में पूजा-अर्चना और कर्नाटक राज्य के महामहिम राज्यपाल के नीमच आगमन को दृष्टिगत रखते हुए एसपी ने सभी अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने तथा छोटी-से-छोटी घटना को भी संवेदनशीलता के साथ संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन से त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक सौरभ शर्मा, थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान, थाना प्रभारी बघाना निरीक्षक आर.एस. डांगी, थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक शब्बी मेव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाले गए और जुलूसों व पूजा-अर्चना के दौरान ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस की आमजन से अपील-
नीमच पुलिस ने आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या विवादित पोस्ट साझा न करें। अफवाहों पर ध्यान न दें और त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या कंट्रोल रूम को दें।