देवास। ग्राम पंचायत नेवरी में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्योति शर्मा के मार्गदर्शन में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में ग्रामीणों को अपने घरों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि लगभग 1000 वर्गफीट की छत से एक वर्ष में करीब एक लाख लीटर वर्षा जल का संचयन किया जा सकता है। यह जल भविष्य में उपयोगी होने के साथ-साथ भूजल स्तर बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
ग्राम सभा के दौरान ग्रामीण रमेश बरेठा, नरेंद्र गोस्वामी, लोकेश पाटीदार एवं ओम पाटीदार के घरों में निर्मित कुंडियों का अवलोकन किया गया। उपस्थित ग्रामीणों को इन कुंडियों को रिचार्ज करने हेतु वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि वर्षा जल संचयन से भूजल स्तर में वृद्धि होने के साथ पानी की हार्डनेस भी कम होती है।
इस अवसर पर ग्रामीणों को जल के दुरुपयोग से बचने, जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। ग्राम सभा में उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही ग्राम पंचायत भवन परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में अमृत संचय टीम के वरिष्ठ सदस्य गंगा सिंह सोलंकी, जिला समन्वयक सुनील सुमन, महेश सोनी, संजय उंडासे, पंचायत सचिव, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं उपस्थित रहीं।