नीमच। उदयपुर से बड़ी सादड़ी और नीमच के बीच बिछाई जा रही नई रेलवे लाइन परियोजना तेजी से आकार ले रही है। परियोजना के तहत तैयार किए गए 15 किलोमीटर लंबे नए रेल ट्रैक का 11 जून को कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण सफल रहने पर इस रेलखंड पर जल्द ही यात्री ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा मानकों की जांच के लिए बड़ी सादड़ी से जलोदा जागीर स्टेशन तक ट्रैक का गहन निरीक्षण किया जाएगा। इससे पहले ट्रैक की मजबूती और तकनीकी गुणवत्ता परखने के लिए स्पीड ट्रायल भी किया गया था। ट्रायल के दौरान सामने आई छोटी-मोटी तकनीकी कमियों को दूर करने का कार्य अंतिम चरण में है।
नई रेल लाइन शुरू होने से राजस्थान और मध्य प्रदेश के बीच रेल संपर्क पहले की तुलना में अधिक मजबूत होगा। बड़ी सादड़ी और नीमच के सीधे जुड़ने से दोनों राज्यों के बीच व्यापार, कारोबार और यात्रियों की आवाजाही को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही उदयपुर और नीमच के बीच यात्रा का समय भी कम होगा।
वर्तमान में मध्य प्रदेश की ओर जाने वाली अधिकांश ट्रेनें चित्तौड़गढ़ मार्ग से होकर गुजरती हैं, जिससे यात्रा में अधिक समय लगता है। नई रेल लाइन चालू होने के बाद ट्रेनों का संचालन सीधे मावली जंक्शन के रास्ते किया जा सकेगा, जिससे यात्रियों के समय और खर्च दोनों में बचत होगी।
करीब 49 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन परियोजना का निर्माण जनवरी 2024 में शुरू हुआ था। लगभग 495 करोड़ रुपए की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत एक रोड ओवर ब्रिज (आरओबी), 11 बड़े पुल और 78 छोटे पुलों का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे रेल यातायात सुचारू और सुरक्षित रूप से संचालित हो सके।