चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अरबन को-ऑपरेटिव बैंक की चंदेरिया शाखा का स्थापना दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि अरबन बैंक समाज के छोटे वर्ग से जुड़े लोगों का बैंक जरूर है, लेकिन ग्राहक सेवा के मामले में प्रतिस्पर्धा के इस दौर में निजी एवं राष्ट्रीयकृत बैंकों के समकक्ष सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बैंक लगातार प्रयासरत है। ग्राहकों का विश्वास ही अरबन बैंक की सबसे बड़ी पूंजी है।
डॉ. सेठिया ने कहा कि आधुनिक तकनीक, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई से जुड़ने के बाद बैंक के ग्राहक 24 घंटे धन हस्तांतरण जैसी सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के जन्म लेते ही उनका बैंक खाता खुलवाएं और उनमें सहकारिता के संस्कार विकसित करें।
बैंक की प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी ने कहा कि स्थापना से लेकर अब तक अरबन बैंक ने बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने शाखा के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए आमजन से बैंक से जुड़कर सहकारिता को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैंक के महाप्रबंधक दिनेश खंडेलवाल ने कहा कि ग्राहकों के सहयोग से ही कोई संस्था प्रगति कर सकती है। उन्होंने ग्राहकों से चंदेरिया शाखा को आदर्श शाखा के रूप में विकसित करने में सहयोग देने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुविधा होने पर ग्राहक सीधे बैंक प्रबंधन से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में शाखा प्रबंधक शुभम तरावत ने शाखा की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की और सभी ग्राहकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उत्तमचंद जैन, मनीषा बहन व्यास, भूमि काबरा एवं सुखराम मीणा ने ग्राहकों को उपरणा पहनाकर अभिनंदन किया। बैंक की सफाई कर्मचारी सुशीला देवी का भी माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर ऋण प्रबंधक यशवंत सिंह बाफना ने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष अमरकंठ उपाध्याय ने की। उन्होंने बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के लिए बैंक स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
समारोह में शांति लाल मंडोवरा, सुरेश देवपुरा, कंवरलाल गगरानी, बलराज मेनारिया, सुभाष भाटी, नरेंद्र मांची, अमर कुछबन्दा, कुंदन अजमेरा, अनिल डांगी, वैभव व्यास, अशोक भंडारी, प्रहलाद वैष्णव, कैलाश धोबी, प्रहलाद मेनारिया, पुरुषोत्तम शर्मा, तुलसीराम गौड़, ऋतु कुमावत, देवराज सहित बड़ी संख्या में बैंक ग्राहक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार महाप्रबंधक (प्रशासन) जे.पी. जोशी ने व्यक्त किया।