चित्तौड़गढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर विष्णु दल द्वारा शहर में भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 4 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भव्य भजन संध्या के साथ नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए ‘कृष्ण बनो प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। वहीं कार्यक्रम स्थल पर कृष्ण लीला की आकर्षक झांकियां भी सजाई जाएंगी।
भजन संध्या में चित्तौड़गढ़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक कुमार दीप एवं भजन गायिका माही जोशी अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। उनके भजनों पर श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में झूमते नजर आएंगे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘कृष्ण बनो प्रतियोगिता’ रहेगी। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजकर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने के साथ उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण लीला की झांकियां भी सजाई जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी। आयोजन को लेकर विष्णु दल द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम 4 सितंबर 2026 को शाम 8ः30 बजे से विष्णु टॉकीज, मीरा मंच के सामने, चित्तौड़गढ़ में आयोजित होगा। विष्णु दल की ओर से समस्त धर्मप्रेमी जनता एवं शहरवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर भजन संध्या का आनंद लेने और बाल गोपालों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।