चित्तौड़गढ़। राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा जारी टारगेटेड केस स्कीम (फेज-वी) के विरोध में राजस्थान के अधिवक्ता समुदाय द्वारा किए गए संगठित आंदोलन एवं चित्तौड़गढ़ न्याय क्षेत्र के अधिवक्ताओं की अग्रणी भूमिका और प्रभावी विरोध के परिणामस्वरूप संबंधित आदेश निरस्त किए जाने पर जिला अभिभाषक संस्थान, चित्तौड़गढ़ की ओर से ‘विजय दिवस’ मनाया गया।
इस अवसर पर जिला अभिभाषक संस्थान के अध्यक्ष नरेश शर्मा ने आंदोलन में सहयोग एवं संस्थान को नेतृत्व प्रदान करने वाले सभी अधिवक्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत चित्तौड़गढ़ के अधिवक्ताओं की जीत है। चित्तौड़गढ़ की आवाज पूरे राजस्थान में प्रभावी रूप से गूंजी और अधिवक्ताओं की एकजुटता ने आंदोलन को मजबूती प्रदान की।
न्यायालय परिसर में निकाला विजय जुलूस-
आदेश निरस्त होने की खुशी में अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में विजय जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर खुशी व्यक्त की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए आंदोलन की सफलता पर प्रसन्नता जताई।
विजय जुलूस में जिला अभिभाषक संस्थान के अध्यक्ष नरेश शर्मा, उपाध्यक्ष चांदनी बैरागी, सचिव लोकेन्द्र सिंह राणावत, सहसचिव विशाल सिंह भाटी, कोषाध्यक्ष कमलेश सुखवाल, पुस्तकालय प्रभारी रोहित खटीक एवं संदीप सेठिया, गिरीश दीक्षित सहित संस्थान के समस्त पूर्व अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।