शाजापुर। जिले में लगातार बदल रहे मौसम के मिजाज का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जिसके चलते अस्पताल में भीड़ देखने को मिल रही है।
बढ़ते मरीजों को देखते हुए जिला चिकित्सालय में पदस्थ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. तेजपाल सिंह जादौन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में खान-पान और दिनचर्या को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है।
डॉक्टर ने बताए बचाव के उपाय
डॉ. जादौन के अनुसार इस मौसम में लोगों को हमेशा ताजा, गर्म और पौष्टिक भोजन का सेवन करना चाहिए। बाहर के खुले, तले-भुने और ठंडे खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए। भोजन करने से पहले और बाहर से घर लौटने के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोना चाहिए।
सुबह और शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाओं से बचने के लिए मौसम के अनुसार हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। वहीं, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रुमाल या टिशू पेपर से ढंकना चाहिए, ताकि संक्रमण दूसरे लोगों तक न पहुंचे।
डॉक्टर ने लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयां लेने से भी बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सर्दी, जुकाम या बुखार के लक्षण दिखाई देने पर मेडिकल स्टोर से खुद दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल पहुंचकर योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
बदलते मौसम के बीच चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं करने की अपील की है।