शिवपुरी। रक्षाबंधन पर मुंबई से शिवपुरी अपनी बहन से राखी बंधवाने आए युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक विवेक बेडिया ने शिवपुरी एसपी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार वह रक्षाबंधन पर मुंबई से शिवपुरी आया था और मास्टर कॉलोनी में रहने वाली अपनी बहन के घर पहुंचा था। आरोप है कि जब वह बहन के घर के दरवाजे के पास बैठा था, तभी वहां बैठने की बात को लेकर सेंगर उर्फ समीर सिंह बेडिया, उसकी पत्नी सविता और पुत्र मयंक ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवेक का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे जतीन के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
पीड़ित ने शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसे जान से मारने, लाइसेंसी बंदूक से हमला करने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद विवेक बेडिया ने शिवपुरी एसपी से पूरे मामले की शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।