नीमच। डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण नीमच ने बुधवार को नगर परिषद जावद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं के साथ विभिन्न योजनाओं एवं प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सीएम हेल्पलाइन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी प्रकरणों में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करते हुए योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डिप्टी कलेक्टर ने नगर परिषद के निर्माणाधीन कार्यालय भवन का भी मौके पर निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए उपयंत्री को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा नामांतरण पंजी एवं दायरा रजिस्टर का भी निरीक्षण किया गया। दायरा रजिस्टर में नामांतरण के सभी प्रकरण पूर्ण रूप से दर्ज नहीं पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के उपयंत्री सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।