देवास। ग्राम चंदाना-बिंजाना में जहरीली शराब से हुई मौतों का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम और ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और मृतकों के परिजन सिविल लाइन थाने पहुंचे। यहां थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई।
मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि चंदाना-बिंजाना में शराब पीने से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने इसे महज हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और शराब कारोबार से जुड़े लोगों की कथित अनदेखी का गंभीर परिणाम बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर यह मांग उठाई गई है। उन्होंने कहा कि दोषी शराब ठेकेदारों और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ हत्या के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाने की मांग की।