नीमच । गुरूप्रसाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नीमच ने आज दिनांक 16 नवंबर बुधवार की शाम अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास, नीमच का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं, आवास कक्ष आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार हेतु निर्देश दिये।
गुरूप्रसाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नीमच बुधवार की शाम अचानक जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, जिला नीमच अंतर्गत संचालित सीनियर बालक छात्रावास, नीमच में पहुँचे। उन्होंने संस्था का औचक निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था, बच्चों को दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के शयन कक्ष की व्यवस्था, किचन आदि का जायजा लिया और व्यवस्थाओं में पर्याप्त सुधार के निर्देश संबंधित संस्था अधीक्षक एवं कर्मचारियों को दिये।
गुरूप्रसाद ने विद्यार्थियों के कक्षों के निरीक्षण के दौरान प्रकाश व्यवस्था हेतु लगी ट़यूबलाईटों की संख्या बढ़ाने और परिसर में फ्री वाई-फाई की व्यवस्था उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान राकेश राठौर जिला संयोजक जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग नीमच, विभागीय अधिकारी एवं छात्रावास अधीक्षक तथा कर्मचारीगण उपस्थित थे।