शाजापुर। उज्जैन संभागायुक्त संदीप यादव ने शाजापुर जिले की शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र के 4 मतदान केन्द्रों में चल रहे फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण 2023 के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश जैन, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मिशा सिंह, अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर सत्येन्द्र प्रसाद सिंह भी उपस्थित थे।
संभागायुक्त यादव ने सर्वप्रथम कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल के मतदान केन्द्र क्रमांक 206 एवं 208 का निरीक्षण कर यहां बीएलओ के सबसे आखरी वाले कमरे में बैठने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बीएलओ ऐसे स्थल पर बैठे जहां से सभी को दिखाई दें। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिये कि वे अपने बैठने वाले स्थल पर बोर्ड भी लगाएं और परिचय पत्र धारण करें, ताकि लोगों को पता चल सके कि यहां निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्य हो रहा है।
मतदान केन्द्र क्रमांक 206 के बीएलओ महमूद मोहम्मद एवं मतदान केन्द्र क्रमांक 208 के बीएलओ दरियावसिंह मालवीय से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने बीएलओ से निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त हुई सामग्री की जानकारी ली। एक मतदाता का नाम देकर उन्होंने उसका आधार नंबर जोड़ा या नहीं, इसके बारे में बीएलओ से परीक्षण कराया। उन्होंने गरूड़ा एप्प पर बीएलओ द्वारा किये जा रहे कार्यों के बारे में पूछा। इसके बाद उन्होंने विद्या वेली अकादमी में स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 226 के बीएलओ तिलकराम कोल तथा मतदान केन्द्र क्रमांक 227 के बीएलओ रामकृष्ण धोतरे से भी पुनरीक्षण कार्य में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी ली।
इस दौरान संभागायुक्त ने रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देश दिये कि ईआरओ नेट पर बीएलओ द्वारा अपलोड किए गए आवेदनों को प्रतिदिन देखें और अगली प्रक्रिया संपादित करें। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रीकरण अधिकारी आपरेटर पर पूर्णतः निर्भर नहीं रहें, स्वयं भी देखें। इस दौरान कलेक्टर ने भी निर्देश दिये कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाना है, उसकी सूची राजनीतिक दलों को भी दें।