नीमच। प्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल दो दिवसीय प्रवास के दौरान 19 व 20 जनवरी को नीमच जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। महामहिम राज्यपाल नीमच, जावद एवं अठाना में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मंगलवार को एडीएम नेहा मीना एवं जिला पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश ने अधिकारियों के साथ नीमच के ट्राईबल हॉस्टल जावद में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर स्थल एवं अठाना आंगनवाड़ी केंद्र एवं स्कूल में प्रस्तावित महामहिम के कार्यक्रम की तैयारियों का मौका मुआयना किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीएम एवं एसपी ने अठाना में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के आवास का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। महामहिम राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में बुधवार को (मॉक ड्रिल) पूर्वाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारी कर्मचारियों को मॉक ड्रिल से संबंधित निर्देश दिए गए हैं।