नीमच। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित द्वारिका रेस्टोरेंट पर औचक निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं की जांच की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने खाद्य तेल, जामुन, चिप्स, चाशनी एवं अन्य खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए। साथ ही रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों को रेस्टोरेंट के फ्रिज एवं अन्य स्थानों पर गंदगी मिली, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संचालक को स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता एवं स्वच्छता मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार संजय मालवीय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत शर्मा उपस्थित रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। रेस्टोरेंट से लिए गए खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के खाद्य कारोबारियों में हलचल देखी गई।