नीमच। शहर की स्वच्छता व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। शहर स्वच्छता सर्वेक्षण में शामिल है। बावजूद कई स्थानों पर गंदगी व कचरे का ढेर लगा आसानी से देखा जा सकता है। नपा में सफाई कर्मचारियों की भी बेहद कमी है।
नीमच शहर की आबादी 1.37 लाख है और शहर 5 वर्ग किलोमीटर और 40 वार्डों में विभक्त है। शहर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर सरकार संभालती है। नगर पालिका में वर्तमान में 500 सफाई कर्मचारी और करीब 20 दरोगा है। 28 कचरा गाड़ियों से शहर का कचरा एकत्रित किया जाता है। मूलचंद मार्ग पर अस्थाई डंपिंग क्षेत्र भी बना रखा है जहां से प्रतिदिन कचरा ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचाया जाता है।
नपा के श्याम टांकवाल ने बताया कि 2021 में शहर की स्वच्छता रैंकिंग 88 थी जो 2022 में 66 पर पहुंची है। नपा के प्रयास से शहर की रैंकिंग में लगातार सुधार हो रहा है। गली-मोहल्लों व प्रमुख मार्गों में प्रतिदिन सफाई कर्मचारी पहुंचते हैं। स्वच्छता को लेकर बुधवार को स्वच्छता एंबेसेडर व स्वच्छता चैंपियन की बैठक रखी गई। इस बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक चर्चा की। वहीं 10 स्वच्छता चैंपियन भी बनाए गए। ये चैंपियन आमजन को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेंगे।