नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 27 जनवरी को नीमच आ रहे हैं। उनके नीमच आगमन की तैयारी को लेकर आज टाउन हॉल नीमच पर एक विशेष बैठक बुलाई गई। बैठक में विधायक दिलीपसिंह परिहार, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पवन पाटीदार, जनपद अध्यक्ष शारदा धनगर, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, सीईओ गुरुप्रसाद, एसडीएम ममता खेड़े, समाजसेवी संतोष चोपड़ा, सीएमओ गरिमा पाटीदार, योगेश जैन, मोहन राणावत, निलेश पाटीदार, विजय बाफना, जनपद सदस्य, पार्षद, प्रशासनिक अधिकारी एवं शासकीय कर्मचारी और सरपंच उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि राज्य के मुखिया शिवराज सिंह चौहान लोक कल्याणकारी योजनाओं की सौगात देने नीमच आ रहे है। वे 1700 सौ करोड़ रुपए की गांधीसागर पेयजल योजना, मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन एवं 300 करोड़ की लागत से निर्मित नई मंडी का लोकार्पण करेंगे। इस भव्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनता जनार्दन को शामिल कराने हेतु तन मन से सभी जनप्रतिनिधि उत्साह के साथ प्रयास करें। मुख्यमंत्री के स्वागत की श्रंखला में कल 22 जनवरी को हर वार्ड और गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान एवं कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। घर घर जाकर पीले चावल देकर लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के आगमन हेतु आयोजित बैठक को भाजपा जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जिला पंचायत के सीईओ गुरुप्रसाद ने भी संबोधित कर अपने सुझाव उपस्थित लोगों के बीच में रखें। बैठक का संचालन एसडीएम ममता खेड़े ने किया।