चित्तौड़गढ़। जिले में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में जनआधार कार्ड धारी कुल 478577 परिवारों में से अब तक 353467 परिवारों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। योजना के तहत 54069 लाभार्थीयो द्वारा 19.26 करोड़ रुपए का स्वास्थ्य लाभ लिया जा चुका हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रामकेश गुर्जर ने बताया की मई 2021 से शुरू चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 73.74 प्रतिशत पंजीयन करके जिला राज्य में छठे स्थान पर है। योजना से वंचित सभी परिवारों को विशेष अभियान के तहत घर-घर जाकर जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा हैं। साथ ही वंचित परिवारों से अपील की हैं कि वे 31 जनवरी 2023 से पहले अपना रजिस्ट्रेशन नजदीकी ई-मित्र केन्द्र पर जाकर करवा लें, ताकि उन्हें 1 फरवरी 2023 से योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ मुनेश कुमार बैरवा ने बताया कि जिले में चिरंजीवी योजना के तहत कुल 33 अस्पतालों को अधिकृत किया जा चुका है, जिनमें 27 राजकीय एवं 6 निजी अस्पताल शामिल है। इस माह में एमईएस हॉस्पीटल गांधीनगर को भी योजना के अन्तर्गत अधिकृत कर दिया गया हैं।
2.04 लाख बने आयुष्मान चिरंजीवी कार्ड -
डॉ. बैरवा ने बताया कि जिले में आयुष्मान चिरंजीवी कार्ड बनाने का कार्य अक्टुबर 2022 से शुरू कर दिया गया था। सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 के अनुसार 5 लाख 84 हजार 530 व्यक्तियों के कार्ड बनाए जाएंगे। इनमें से 2 लाख 4 हजार 700 कार्ड बनाए जा चुके हैं। आयुष्मान चिरंजीवी कार्डधारक प्रदेश के बाहर अन्य प्रदेशों में भी निःशुल्क उपचार करवा सकेंगे।