नीमच। आज मध्य प्रदेश विद्युत विभाग के आउट सोर्स एवं संविदा कर्मचारी अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर फोर ज़ीरो भारतमाता चौराहे नीमच पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। इनकी प्रमुख मांग है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को कंपनी में सम्मिलित किया जाए एवं संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए।
बताते चलें कि आउटसोर्स और संविदा कर्मचारी पिछले लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार के सामने आवाज उठाते रहे हैं। 24 तारीख से मध्य प्रदेश विद्युत विभाग के अंतर्गत समस्त कंपनियों में कार्यरत बोर्ड, कंपनी कैडर, संविदा एवं आउट सोर्स विद्युत अधिकारी कर्मचारी अनिश्चितकालीन आंदोलन में शामिल होकर कार्यों के बहिष्कार पर उतारू हो गए हैं। इस आंदोलन को विद्युत मंडल के पेंशनर्स संघ का समर्थन भी प्राप्त है।
धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि 5 जनवरी को ऊर्जा सचिव द्वारा हमारी मांगे हल करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उस दिशा में 19 दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस काम नहीं हुआ। इसलिए हमें आंदोलन पर जाने का कदम उठाना पड़ा।
यहां उल्लेखनीय है कि पूरे मध्यप्रदेश में 80000 एवं नीमच जिले में लगभग 1150 कर्मचारी और अधिकारी आंदोलन में शामिल है। इनके आंदोलन पर जाने से तमाम तरह की विद्युत व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। यह आंदोलन यूनाइटेड फोरम फॉर पावर इंप्लाइज एवं इंजीनियर्स के बैनर तले किया जा रहा है।