नीमच। जिले में कल 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस समारोह परम्परांगत गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह जिला मुख्यालय नीमच के शा.बा.उ.मा.वि.क्रं.-2 पर आयोजित होगा। जहां प्रातः 9 बजे प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ध्वजारोहण कर, भव्य परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गणंतत्र दिवस के संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट अधिकारियों कर्मचारियों को पुरस्कारों का वितरण भी किया जाएगा। जिले में गणतंत्र दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर मयंक अग्रवाल की उपस्थिति में मंगलवार को शाबउमावि क्रं.-2 पर गणंतत्र दिवस की मार्च पास्ट परेड एवं पीटी प्रदर्शन का अंतिम पूर्वाभ्यारस सम्पन्न हुआ।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं मे प्रातः 8 बजें ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य समारोह में मंत्री सखलेचा प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर आयोजित भव्य परेड की सलामी लेंगे तथा प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन करेंगे। परेड में सी.आर.पी.एफ. नीमच, सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, वन विभाग और नगर सेना की टुकडियां भी शामिल होगी। साथ ही विभिन्नि विभागों द्वारा योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकिया भी निकाली जावेगी। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति किये जावेंगे। गणतंत्र दिवस पर विकास खण्ड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर भी ध्वजारोहण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।