पिपलिया मंडी। मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर अजीत सिंह के निर्देशानुसार तथा जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर हर्ष सिंह बहरावत के मार्गदर्शन में दिनांक 24 से 31 तारीख तक मनाए जा रहे मूल अधिकार सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 31 जनवरी 2023 को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपलिया मंडी तहसील मल्हारगढ़ में बालिकाओं हेतु विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए सचिव ने उपस्थित बालिकाओं से नालसा की योजना- बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015 के बारे में विस्तृत चर्चा की।
इसके अतिरिक्त सचिव ने उपस्थित बालिकाओं को समाज में बच्चों के प्रति बढ़ रहे लैंगिक अपराधो के प्रति भी सचेत करते हुए उनको लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में जागरूक किया। इसके अतिरिक्त सचिव द्वारा किशोर न्याय अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, मानव अधिकार संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधान, बाल अधिकारों के महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। साथ ही वर्तमान में मोबाईल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के संबंध में बच्चों को सचेत किया।
सचिव ने उपस्थित बालिकाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की बालिकाओं एवं बच्चों के हितार्थ चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक करते हुए अनुरोध किया कि वे सभी पात्रता अनुसार उन योजनाओं का लाभ लेवे एवं किसी प्रकार की परेशानी होने पर जिला प्राधिकरण में बेझिझक संपर्क करें।
शिविर में विद्यालय की प्राचार्य सुनीता गोधा, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहे।