देवरी खवासा। ग्राम देवरी खवासा में 1 जून से आयोजित संगीतमय शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा का वाचन पंडित श्री रुद्रदेव त्रिपाठी (जावद) के मुखारविंद से किया जा रहा है। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, महामृत्युंजय मंत्र के सही उच्चारण तथा शिवलिंग पूजन की विधि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है।
कथा के दौरान पंडित त्रिपाठी ने बताया कि घर-परिवार में आने वाले संकटों, कष्टों एवं नकारात्मक परिस्थितियों के निवारण हेतु भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं महामृत्युंजय मंत्र का जप अत्यंत प्रभावशाली माना गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं को शिवलिंग पूजन की संपूर्ण विधि बताते हुए नियमित रूप से भगवान शिव की आराधना करने का संदेश दिया।
शिव महापुराण कथा में गांव की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। कथा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। महिलाओं द्वारा बढ़-चढ़कर सहभागिता की जा रही है तथा शिव महापुराण के प्रसंगों का आनंद लिया जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार शिव महापुराण कथा आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक प्रसंगों एवं आध्यात्मिक संदेशों के साथ जारी रहेगी।