नीमच। शहर के बघाना क्षेत्र स्थित नाका नंबर-4 दरगाह के पास विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान एमपीईबी (मध्यप्रदेश विद्युत मंडल) के एक लाइनमैन के साथ बड़ा हादसा हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल लाइनमैन को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद विद्युत कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था और विभाग में स्टाफ की कमी को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार घायल कर्मचारी त्रिलोक प्रजापति पुत्र हुकुमचंद प्रजापति हैं, जो एमपीईबी में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि वे नाका नंबर-4 दरगाह के पास विद्युत लाइन पर मरम्मत एवं रखरखाव कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक अर्थ रिटर्न होने से उन्हें करंट लग गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया। त्रिलोक प्रजापति के परिजनों ने बताया कि दुर्घटना के बाद विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई सुध नही ली गई ना ही ईलाज के लिए कोई व्यवस्था की गई। अपने स्तर पर ही पीड़ित का इलाज करवाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि विभाग में लंबे समय से स्टाफ की कमी बनी हुई है। पर्याप्त कर्मचारियों के अभाव में कई बार लाइनमैनों को अकेले ही जोखिम भरे कार्य करने पड़ते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बिजली लाइनों पर कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, निगरानी और सहयोगी स्टाफ की उपलब्धता जरूरी है। यह घटना एक बार फिर विद्युत कर्मचारियों की कार्यस्थल सुरक्षा और संसाधनों की उपलब्धता को लेकर गंभीर चिंताएं सामने ले आई है।