मंदसौर। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा पयार्वरण विभाग के मंत्री हरदीप सिंह डंग ने 9 फरवरी को सीतामऊ विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा को प्रातः 9.30 बजे बनी से प्रारंभ किया। बनी के पश्चात यात्रा कुरावन, असावती, बापच्या, गोपालपुरा, भटूनी एवं चंदवासा ग्राम पंचायत के सुदूर गांव तक पहुंची। ग्राम चंदवासा में यात्रा का समापन हुआ। ग्राम असावती में एप्रोच रोड निर्माण की जांच की जाएगी। इसके साथ ही गांव में जितनी मांगे लोगों के द्वारा आ रही उन सब को पूरा किया जाएगा। ग्राम ऊरवा में नाले का निर्माण मनरेगा के माध्यम से किया जाएगा। विकास यात्रा के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य सहित अन्य सभी जनप्रतिनिधि, विकास खंड स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, आम जन मौजूद थे।
विकास यात्रा के दौरान मंत्री डंग द्वारा कहा गया कि सड़कों की बिना गांव का विकास संभव नहीं है। आज मध्य प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा हुआ है और यह सभी सरकार के विशेष प्रयास से संभव हुआ है। विकास की बात की जाए तो सुवासरा विधानसभा क्षेत्र में विकास के नाम पर प्रदेश में सबसे अधिक राशि मिली है। सुवासरा विधानसभा क्षेत्र में ही शामगढ़ सुवासरा सूक्ष्म सिंचाई परियोजना 16 अरब 62 करोड़ रुपए की लागत से बन रही है। पीने के पानी के लिए 14 अरब 62 करोड़ की योजना पर काम चल रहा है। सीतामऊ कायमपुर सिंचाई परियोजना इसकी निर्माण लागत 23 अरब 76 करोड़ है। उसका भी जल्द भूमि पूजन होगा। उज्जवला गैस योजना के माध्यम से धुवें से निजात दिलाई गई है। गरीबों के खाते खुलवाने काम सरकार ने किया है। किसान सम्मान निधि किसानों को राहत मिल रही हैं। पीएम आवास योजना का लाभ सबका साथ सबका विकास के आधार पर दिया गया। 2024 तक गांव में एक भी मकान कच्चे नहीं रहेगा। सबके पक्के आवास बनेंगे। बिना ब्याज के सरकार किसानों को ऋण प्रदान कर रही हैं। संबल योजना के अंतर्गत अगर पंजीयन है, तो सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख प्रदान किए जाते हैं। इसलिए सभी लोग संबल योजना में पंजीयन करवाएं। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को 1 हजार प्रति माह की राशि मिलेगी। जिससे महिला सशक्त होगी।