नीमच। मध्यपद्रेश शिक्षक संघ जिला शाखा नीमच द्वारा प्रदेश इकाई के आव्हान पर पुरानी पेंशन ओपीएस, पदनाम एवं क्रमोन्नति को लेकर 12 फरवरी 2023, 11.30 बजे से गांधी वाटीका नीमच में किये जाने वाले सत्याग्रह, धरना-प्रदर्शन एवं वाहन रैली की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
संघर्ष समिति मप्र शिक्षक संघ जिला शाखा नीमच के कार्यकर्ता ग्रुप बनाकर स्कूलों एवं शिक्षकों के घर-घर जाकर आन्दोलन में सपरिवार आने के लिए आग्रह कर रहे हैं। शिक्षकों एवं उनके परिजनों की ओर से आन्दोलन में बड़ चड़कर भाग लेने का आश्वासन दिया जा रहा है।
संघर्ष समिति के जिला संयोजक कमलेश बाड़िका एवं जिला सचिव सुनिल शर्मा ने बताया कि हजारों की संख्या में उपस्थित होने वाले शिक्षकों एवं परिजनों के सत्याग्रह पश्चात गांधी वाटीका से वाहन रेली प्रारम्भ होकर विजय टाॅकिज, कमल चौक, फव्वारा चौक, शोरूम चौराहा, अम्बेडकर मार्ग होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी। रैली का नेतृत्व अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष हिम्मतसिंह जैन, प्रान्तीय सचिव कुसुम शर्मा, संभागीय अध्यक्ष विनोद पूनी, संगठन मंत्री बद्रीलाल पुरोहित, जिलाध्यक्ष विजय तिवारी आदि वरिष्ठ पदाधिकारी करेंगे।
रैली के समापन पर मुख्यमंत्री, स्कूली शिक्षा मंत्री, मंत्री जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, मुख्य सचिव मप्र शासन, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग एवं प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मप्र शासन को कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन दिया जावेगा।