नीमच। शहर के स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रिसेंट ट्रेंड्स इन मैथमेटिकल साइंस विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। आज इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में टर्की, रोमानिया, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इटली सहित भारत के जाने-माने गणितज्ञ शामिल हुए। मुख्य वक्ता के रूप में उज्जैन से आए डॉक्टर वीके गुप्ता ने वर्तमान परिस्थितियों में गणित से संबंधित शोध कार्यों पर अपने विचार रखे।
डॉ वीके गुप्ता ने कहा कि मैथमेटिकल साइंस विषय पर आयोजित यह कान्फ्रेंस कई मायनों में बहुत उपयोगी है। इसका उद्देश्य यह है कि वर्तमान में धरती पर जो ग्लोबल समस्याएं व्याप्त है उसे हल करने में गणित विज्ञान का क्या योगदान हो सकता है। सम्मेलन में तमिलनाडु के डॉक्टर श्रीनिवासराव, अहमदाबाद से डॉक्टर रवि गौर, भोपाल उच्च शिक्षा विभाग से डॉक्टर अनिल राजपूत, नागदा के शासकीय महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉक्टर पीवी रेड्डी ने आमंत्रित वक्ता के रूप में अपनी बात रखी। बताते चलें कि इस कॉन्फ्रेंस में ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड पर पूरे देश से करीब एक सौ रिसर्च पेपर प्रस्तुत किए जाएंगे।
सम्मेलन के संयोजक डॉक्टर आरके गुजेटिया, सहसंयोजक डॉ बीके दानगढ़, आयोजक सचिव डॉक्टर जेसी आर्य रहे। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन एवं महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विश्व देव शर्मा ने बतौर अतिथि सम्मेलन में शिरकत की। संचालन डॉक्टर संजय जोशी एवं डॉक्टर सपना वर्मा ने किया।