नीमच। आज वात्सल्य भवन नीमच में मध्यप्रदेश नगरपालिक निगम एवं नगरपालिका पेंशनर संघ की ओर से नीमच नगर पालिका के 80 वर्ष से अधिक आयु के रिटायर्ड कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि आप लोगों द्वारा बीते समय में अच्छा कार्य और परिश्रम करके जनता और शासन को सहयोग किया गया है। आपके अथक परिश्रम के लिए आपको साधुवाद देते हैं और सम्मान करते हैं। जिंदगी रिटायरमेंट के बाद शुरू होती है। बुजुर्गों से घर में रौनक होती है आपका पूरा जीवन कर्तव्य को समर्पित रहा। आपने अनुशासित कार्य करते हुए जीवन को सार्थक बनाया है। आप लोगों का अनुभव बहुत महत्वपूर्ण है।
इस कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स गुलाम कुरैशी, बाबूलाल नागदा, मणिलाल बाफना, मोहम्मद खान, अजीम खान, जगदीश प्रसाद चौरसिया को शाल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष राजेंद्र जैन ने पेंशनर की समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराते हुए समाधान करने की दिशा में प्रयास करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, नगर पालिका पेंशनर्स संघ नीमच के अध्यक्ष राजेंद्र जैन, रामसिंह सोलंकी, ओएल मंडारा, अभय जैन, रामनिवास शर्मा, लीलाधर मनवारे, गंगाधर शर्मा और नगरपालिका पेंशनर संघ इंदौर के पदाधिकारी और नीमच जिले के नगरपालिका के पेंशनर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अंकित जैन ने किया।