नीमच। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की जिला शाखा नीमच द्वारा आज अपनी 3 सूत्री मांगों को लेकर गांधी वाटिका नीमच में सत्याग्रह कर धरना प्रदर्शन किया गया। शहर के मुख्य मार्गो से वाहन रैली निकाली गई और कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कर निराकरण की मांग की गई।
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की मांग है कि पुरानी पेंशन योजना तत्काल लागू किया जाए। वेतन एवं योग्यता के अनुरूप पदनाम दिया जाए और सभी संवर्गों को प्रथम नियुक्ति दिनांक से क्रमोन्नत वेतनमान दिया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई की 2 सप्ताह में मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो मध्य प्रदेश शिक्षक संघ 26 फरवरी 2023 को प्रदेश की राजधानी भोपाल में सत्याग्रह कर धरना प्रदर्शन करेगा।
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ का कहना है कि लगातार अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को अवगत करा रहे है, किंतु उनकी न्यायोचित मांग का कोई निराकरण नहीं किया जा रहा है। जिससे प्रदेशों के शिक्षकों में तीव्र आक्रोश एवं असंतोष फैला हुआ है। शासन-प्रशासन हमारी मांगों को समयावधि में पूरी करे।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के अध्यक्ष विजय तिवारी, सचिव सुनील शर्मा, संयोजक कमलेश बाड़ीका, संगठन मंत्री बद्रीलाल पुरोहित, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। बताते चलें कि मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा मध्य प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आज एक दिन के सांकेतिक सत्याग्रह धरना प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया गया है।