नीमच । मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के खेल कैलेंडर के अनुसार सत्र की अंतिम संभाग स्तरीय प्राध्यापक कर्मचारी खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय उज्जैन द्वारा दिनांक 14 फरवरी, 2023 को किया गया l इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज एवं टेबल टेनिस और महिला वर्ग की शतरंज, बैडमिंटन और टेबल टेनिस खेल की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया l जिसमे नीमच जिले के शासकीय महाविद्यालयों से 15 प्राध्यापक एवं कर्मचारी सदस्यों ने भाग लिया।
महाविद्यालय के गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ आर के गुजेटिया टेनिस प्रतियोगिता के सिंगल्स एवं डबल्स के मैचों में विजेता रहे, जबकि टेबल टेनिस के मैचों मे महाविद्यालय के प्रयोगशाला शिक्षक दिलीप सिंह चौहान ने अंतिम चार चयनित प्रतियोगी के रूप में अपना स्थान सुनिश्चित किया। शतरंज की प्रतियोगिता स्विस लीग पद्धति के आधार पर चार राउंड तक आयोजित की गई थी, जिसमें प्रोग्रेसिव अंकों के आधार पर रसायन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ बी के अंब, राजनीती विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ नवीन सक्सेना और क्रीड़ा अधिकारी संजीव थोरेचा क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी संजीव थोरेचा ने बताया, कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के सभी विजेता खिलाड़ी उज्जैन संभाग के दल का प्रतिनिधित्व करते हुए दिनांक 2 से 4 मार्च, 2023 तक भोपाल मे आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे l महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ वी के जैन ने इसे महाविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुऐ सभी चयनित प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को बधाई दी ओर आगामी प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी l साथ ही महाविद्यालय के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अतिथि विद्वानों एवं कार्यालयीन स्टाफ सदस्यों द्वारा भी शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।