नीमच। नेक की टीम स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय पर 30-31 मई दो दिवसीय दौरे पर नीमच आ रही है। उसकी तैयारियों का जायजा लेने मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग राज्य स्तरीय नेक प्रकोष्ठ की नोडल ऑफिसर डॉ सुधा नायर आज सुबह 2 सदस्यों के साथ महाविद्यालय पहुंची।
इस बारे में जानकारी देते हुए प्रोफेसर संजय जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय की प्राध्यापिका ज्योति तनेजा और इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज की प्राध्यापिका स्वागत गुप्ता भी उनके साथ रही। तीनों ने महाविद्यालय के प्रत्येक विभाग में जाकर तैयारियों का निरीक्षण किया। विभाग अध्यक्ष से परिचय प्राप्त कर आवश्यक सुधार हेतु सुझाव और महत्वपूर्ण निर्देश दिए। जो कमियां सामने आई उसके निदान हेतु चर्चा की। उन्होंने निरीक्षण के दौरान स्टूडेंट्स की समस्याओं को भी जाना।
डॉ सुधा नायर ने कहा कि वह महाविद्यालय की तैयारियों से पूरी तरह संतुष्ट है। नीमच के स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय द्वारा नेक के आगमन की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय विक्रम विश्वविद्यालयों के श्रेष्ठ संस्थान के रूप में नजर आ रहा है। महाविद्यालय के परिसर और पर्यावरण की भी जमकर प्रशंसा की। सुधा नायर ने उम्मीद जताई कि प्राचार्य एवं स्टाफ द्वारा जिस प्रकार से महाविद्यालय में व्यवस्था और वातावरण निर्मित किया गया है, उससे लगता है कि नेक टीम द्वारा महाविद्यालय को ए ग्रेड जरूर मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान डॉ सुधा नायर के साथ महाविद्यालय के प्राचार्य केएल जाट, प्रोफेसर राजेंद्र गुजेटिया और प्रशांत मिश्रा भी मौजूद रहे।