रतलाम। शासन के निर्देशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगरीय निकायों एवं विकासखंड मुख्यालयों पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए हैं, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
नगर निगम परिसर रतलाम में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। शिविर में लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत किए तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में कुल 1,531 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 908 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
शिविर में नगर निगम आयुक्त अनिल भाना, एसडीएम रतलाम ग्रामीण विवेक सोनकर, एसडीएम रतलाम शहर आर्ची हरित सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा हितग्राहियों से संवाद भी किया।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविरों में पहुंचें और उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।