चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिलेभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में वर्षों से लंबित समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिल रही है।
जिले के विभिन्न ग्राम पंचायत क्षेत्रों में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में आवासीय पट्टों का वितरण, भूमि बंटवारा, तारबंदी योजना सहित अनेक प्रकरणों का निस्तारण किया गया। चित्तौड़गढ़ उपखंड की ऐराल ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने सोहनलाल भील को उनके पुश्तैनी मकान का आवासीय पट्टा प्रदान किया। पट्टा मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार का आभार जताया।
इसी प्रकार बेगूं क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोपालपुरा में जीतूलाल पुत्र मांगीलाल एवं समता कंवर पत्नी प्रजापाल सिंह के बीच आपसी सहमति से भूमि बंटवारे का प्रकरण निस्तारित किया गया। वहीं भूपालसागर की अनूपपुरा ग्राम पंचायत में छगनलाल जाट को आवासीय पट्टा प्रदान किया गया।
भदेसर पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोडिप में पप्पूलाल को फसल सुरक्षा के लिए तारबंदी योजना का लाभ मिला। उन्होंने 300 मीटर तारबंदी करवाई, जिस पर उन्हें 30 हजार रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ। पप्पूलाल ने बताया कि अब उनकी फसलें आवारा पशुओं एवं नीलगायों से सुरक्षित हैं।
15 जून को यहां लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर-
15 जून को चित्तौड़गढ़ उपखंड की घटियावली, गंगरार की खारखंदा, कपासन की उचनार खुर्द, भूपालसागर की जाषमा, राशमी की नेवरियां, बेगूं की ईटावा एवं काटुंदा, रावतभाटा की जावदा, निम्बाहेड़ा की जावदा एवं ढोरिया, बड़ीसादड़ी की बांसी तथा डूंगला की अरनेड एवं किशनकरेरी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शहरी सेवा शिविर भी होंगे आयोजित-
15 जून को नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के वार्ड 5, 6, 7 एवं 8 में प्रातः 9रू30 बजे से शाम 6 बजे तक शहरी सेवा शिविर आयोजित होंगे। इसके अलावा नगर परिषद निम्बाहेड़ा के वार्ड 3, 4 एवं 5, नगर पालिका बड़ीसादड़ी के वार्ड 3, नगर पालिका रावतभाटा के वार्ड 1, 2, 3, 4, 39 एवं 40, नगर पालिका बेगूं के वार्ड 2 तथा नगर पालिका आकोला के वार्ड 2 में भी शिविर लगाए जाएंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।