नीमच। जिला मुख्यालय के समीप स्थित जमुनिया गांव के पास लख्मी मार्ग पर एक खेत में बने कुएं से अज्ञात युवक का शव मिलने से रविवार को क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार जमुनिया गांव के निकट ओमप्रकाश तेली के खेत में स्थित कुएं में एक शव दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि खेत के आसपास खेल रहे कुछ बच्चों की नजर सबसे पहले कुएं में पड़े शव पर पड़ी। बच्चों द्वारा ग्रामीणों को सूचना देने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं सीएसपी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कुएं से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। शव काफी फूल चुका था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत कुछ दिन पहले हुई होगी।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाने के साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। वहीं घटना को लेकर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
कुएं में शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।