मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के समीप बहने वाली शिवना नदी को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे शिवना शुद्धिकरण अभियान के 129वें दिन रविवार को गायत्री परिवार की 101 बालिकाओं ने श्रमदान कर अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।
मंदसौर विधायक विपिन जैन के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत छोटी पुलिया के दोनों ओर स्थित घाटों की सफाई की गई तथा नदी से करीब एक ट्रॉली गाद एवं कचरा निकाला गया। गायत्री परिवार के कन्या कौशल शिविर की बालिकाओं ने शिवना योद्धाओं के साथ मिलकर श्रमदान किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सभी को नदी एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं ने स्वच्छ घाटों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा अभियान की सराहना की।
मीडिया प्रभारी राजनारायण लाड़ ने बताया कि मई 2025 से प्रत्येक रविवार को यह अभियान लगातार जारी है। विधायक विपिन जैन दुर्घटना के कारण स्वास्थ्य लाभ हेतु भोपाल में होने से इस बार श्रमदान में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने नागरिकों से अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
अभियान में गायत्री परिवार, समाजसेवियों, महिला प्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में शिवना योद्धाओं ने सहभागिता की।