मंदसौर। राष्ट्रभक्ति, सम्मान और गौरव के वातावरण के बीच ग्राम नयाखेड़ा निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के इंस्पेक्टर हरि प्रसाद के 32 वर्षों की गौरवशाली एवं समर्पित सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्ति के बाद गृह क्षेत्र आगमन पर भव्य सैनिक स्वागत-सम्मान एवं नगर अभिनंदन रैली का आयोजन किया गया।
दशपुर नगरी मंदसौर में संचालित सैनिक सम्मान अभियान के तहत इंस्पेक्टर हरि प्रसाद का 789वें सैनिक के रूप में सम्मान किया गया। यह अवसर न केवल उनके परिवार और ग्राम नयाखेड़ा, बल्कि पूरे मंदसौर जिले के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता चौराहा पर भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात इंस्पेक्टर हरि प्रसाद का साफा, पुष्पमालाओं एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के जयघोषों के बीच नगर अभिनंदन रैली प्रारंभ हुई।
रैली भारत माता चौराहा से शुरू होकर महात्मा गांधी चौराहा, सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा (बीपीएल चौराहा) एवं शहीद ऊधम सिंह चौराहा होते हुए ग्राम नयाखेड़ा पहुंची। इस दौरान विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देशभक्ति गीतों से सुसज्जित रैली ने पूरे नगर में राष्ट्रप्रेम का वातावरण निर्मित कर दिया।
मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर सैनिक का अभिनंदन किया। ग्राम नयाखेड़ा पहुंचने पर ग्रामीणों ने अपने वीर सपूत का ऐतिहासिक स्वागत किया।
इस अवसर पर भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के अंतर्गत हाल ही में अग्निवीर के रूप में चयनित युवा प्रिंस सोलंकी का भी विशेष सम्मान किया गया। प्रिंस सोलंकी, पूर्व सैनिक मुकेश सोलंकी के पुत्र हैं। उपस्थित जनसमूह ने उनका पुष्पमालाओं से अभिनंदन कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सैनिक अपने त्याग, अनुशासन और समर्पण से राष्ट्र की सुरक्षा एवं सम्मान की मजबूत नींव तैयार करते हैं। इंस्पेक्टर हरि प्रसाद की 32 वर्षों की सेवा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनका जीवन राष्ट्रसेवा के सर्वाेच्च आदर्शों का प्रतीक है।
सैनिक सम्मान अभियान के संयोजक विनय दुबेला ने कहा कि यह अभियान अब जन-जन का अभियान बन चुका है। सैनिकों का सम्मान राष्ट्र के स्वाभिमान और गौरव का सम्मान है। उन्होंने नागरिकों से प्रत्येक सैनिक सम्मान कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष मुकेश गुर्जर ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी संगठनों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सैनिक सम्मान की यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में समाजसेवी राजेश चौहान, मोहनलाल पम्पोड़िया, भागीरथ गहलोत, दशरथ चौहान, प्रहलाद राठौड़, नरेंद्र खटवड़, राजेन्द्र सिंह शक्तावत, मुकेश सोलंकी, मिट्ठू सिंह सिसोदिया, भेरू गहलोत, विकास ग्वाला, घनश्याम चौहान, अजीजुल्ला खान, महेंद्र सिंह सिसोदिया, हरीश सालवी, गोपाल राव, राजेश चौधरी, दिनेश सोलंकी, अनिल धनगर, बाबूलाल थोरेचा, प्रदीप सोनी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वर्तमान सैनिक, गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जय भारत मंच, जिला धार्मिक उत्सव समिति, पंछी बचाओ अभियान समिति, मनन वेलफेयर सोसायटी, शिव शक्ति संगठन, रक्तवीर रेड आर्मी समिति, दशपुर हेल्पलाइन संस्था, पतंजलि योग समिति, स्वदेशी जागरण मंच, रक्त सेवा गोसेवा फाउंडेशन एवं सर्व समाज का विशेष सहयोग रहा।
अंत में उपस्थितजनों ने वीर सैनिकों एवं राष्ट्ररक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सैनिक सम्मान अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।