उज्जैन। बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रोजगार दिवस और मध्य प्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत सिंगल क्लिक के माध्यम से हितलाभ वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि उक्त कार्यक्रम में 1300 से अधिक एमएसएमई को हितलाभ राशि अन्तरित की गई। इस दौरान आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उज्जैन एनआईसी कक्ष में विधायक पारस जैन, विवेक जोशी, संजय अग्रवाल, विशाल राजौरिया, सचिन कासलीवाल, आनन्द बांगड़, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, एलडीएम संदीप अग्रवाल, उद्योग विभाग के अधिकारीगण और हितग्राही मौजूद थे।
अतिथियों द्वारा एनआरएलएम और अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के अन्तर्गत सांकेतिक रूप से कुछ हितग्राहियों और स्व-सहायता समूह को प्रमाण-पत्र वितरित किये गये। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उज्जैन के आनन्द बांगड़ से वार्तालाप किया। बांगड़ ने उन्हें बताया कि उनके द्वारा पेपर, प्लास्टिक और फूड प्रोसेसिंग के कारखाने संचालित किये जा रहे हैं। लगभग 40 वर्ष पहले उन्होंने पहली इकाई प्रारम्भ की थी। वर्तमान में उनके द्वारा साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गये हैं। इस पर मुख्यमंत्री चौहान ने बांगड़ को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को समय-समय पर ट्रेनिंग भी दिलवाई जाये। इसके पश्चात मुख्यमंत्री द्वारा उद्यम क्रान्ति योजना के अन्तर्गत हितलाभ वितरण किया गया।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।